तकनीकी शिक्षा मंत्री गुरु खुशवंत करेंगे उद्घाटन, देशभर से 270 टीमें होंगी शामिल
भिलाई का एसएसपीयू एवं एसएसटीसी कैंपस एक बार फिर देशभर के युवा प्रतिभाओं का केन्द्र बनने जा रहा है। 18 से 20 नवंबर तक आयोजित हो रहे “समविद टेक्नो–कल्चरल फेस्ट 2025” में देश की 270 टीमों का जमावड़ा होगा। तकनीकी नवाचार से लेकर सांस्कृतिक झंकार तक, तीन दिवसीय यह फेस्टिवल छात्रों के कौशल और क्रिएटिविटी का भव्य मंच बनने वाला है।
भिलाई। एसएसपीयू एवं एसएसटीसी कैंपस में आयोजित समविद टेक्नो–कल्चरल फेस्ट 2025 का शुभारंभ आज होगा। कार्यक्रम का उद्घाटन छत्तीसगढ़ के तकनीकी शिक्षा मंत्री तथा कॉलेज के 2012 बैच के एलुमिनी गुरु खुशवंत करेंगे। आयोजन की अध्यक्षता आईआईटी भिलाई के डायरेक्टर प्रो. राजीव करेंगे।
प्रो. ममता गजभिये और सिद्धार्थ चौबे ने संयुक्त प्रेसवार्ता में बताया कि समविद फेस्ट की शुरुआत वर्ष 2012 में हुई थी और तब से यह कॉलेज की पहचान बन गया है। कोविड के दौरान इसे अस्थायी रूप से रोका गया था, लेकिन उसके बाद से लगातार भव्य रूप में आयोजन हो रहा है।

इस वर्ष फेस्ट में देशभर की 270 टीमों ने पंजीयन कराया है, जिनमें से 110 प्रतिभागियों का चयन किया जा चुका है। इस बार आयोजन का मुख्य फोकस आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, युवा स्टार्टअप और तकनीकी नवाचार रहेगा।
हैकाथॉन में अंतरराष्ट्रीय जज
फेस्ट में आयोजित होने वाले हैकाथॉन की विशेषता यह है कि इसके जज यूएस से ऑनलाइन जुड़ेंगे, जबकि आईआईटी एवं माइक्रोसॉफ्ट के विशेषज्ञ भी जजिंग पैनल में शामिल होंगे। आयोजकों का कहना है कि यह प्रतियोगिता छात्रों को राष्ट्रीय ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका देगी।
कल्चरल नाइट में धमाल
18–20 नवंबर तक चलने वाले इस फेस्ट का समापन 20 नवंबर को होगा, जिसमें बॉलीवुड के लोकप्रिय सिंगर देव नेगी प्रस्तुति देंगे। छात्रों में इसे लेकर खासा उत्साह है और कैंपस में तैयारियां जोर–शोर से चल रही हैं।
सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध
आयोजकों ने बताया कि फेस्ट के दौरान भीड़ को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दुर्ग से विशेष सुरक्षा बल की मांग की गई है, ताकि तीन दिवसीय आयोजन सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।
छात्रों में उत्साह चरम पर
फेस्ट की तैयारियों में छात्र–छात्राएँ बढ़–चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं। कैंपस में स्टॉल निर्माण, टेक्निकल मॉडल, रिहर्सल और डेकोरेशन का काम देर रात तक जारी है। आयोजकों का कहना है कि समविद का उद्देश्य युवाओं को तकनीक और संस्कृति के संगम से जोड़ना और उनके स्टार्टअप–माइंडसेट को प्रोत्साहन देना है।
