दुर्ग। छठ पूजा के पावन अवसर पर वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं पूर्व विधायक अरुण वोरा ने प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं। अपने संदेश में वोरा ने कहा कि छठ पर्व आस्था, संयम और आत्मिक शुद्धि का प्रतीक है। यह पर्व सूर्य उपासना के साथ ही प्रकृति और मातृशक्ति के प्रति गहन श्रद्धा का उत्सव है। उन्होंने आगे कहा कि छठ व्रत करने वाली माताएं और बहनें अपने परिवार की सुख-समृद्धि, आरोग्य और मंगल की कामना के लिए कठोर व्रत का पालन करती हैं।
“उनके तप, श्रद्धा और समर्पण से प्रेरणा लेकर हम सभी को अपने जीवन में सकारात्मकता, निष्ठा और सेवा का भाव अपनाना चाहिए। मैं छठी मईया से प्रार्थना करता हूं कि सभी व्रतधारिणी महिलाओं की मनोकामनाएं पूर्ण हों और उनके परिवारों में सदैव खुशहाली बनी रहे,” वोरा ने कहा। उन्होंने यह भी कहा कि छठ पूजा न केवल धार्मिक आस्था का पर्व है, बल्कि यह भारतीय संस्कृति की उस जीवंत परंपरा का प्रतीक है, जो सूर्य, जल, वायु और धरती के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करती है। अंत में वोरा ने कहा — “भगवान भास्कर का दिव्य प्रकाश सभी के जीवन को आलोकित करे, हर प्रभात नई ऊर्जा, नई आशा और नए अवसर लेकर आए। सभी प्रदेशवासियों को छठ पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं।”
