Tuesday, September 1

सांसद विजय बघेल ने संभाला नेतृत्व, छात्रों और नागरिकों ने हाथों में तिरंगा लेकर निकाली 10 किमी लंबी पदयात्रा

राष्ट्रीय एकता और आत्मनिर्भर भारत के संदेश को जन-जन तक पहुँचाने के उद्देश्य से बुधवार को दुर्ग जिले में “सरदार 150 यूनिटी मार्च” का भव्य आयोजन किया गया। देशभक्ति के गीतों और नारों से गूंजते माहौल में निकली इस पदयात्रा में जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों और सैकड़ों विद्यार्थियों ने भाग लेकर अखंड भारत के संकल्प को दोहराया।

दुर्ग। “एक भारत, आत्मनिर्भर भारत” के संदेश के साथ बुधवार सुबह दुर्ग में आयोजित “सरदार 150 यूनिटी मार्च” जिले की सड़कों पर देशभक्ति का जज़्बा लेकर निकली। यह जिला स्तरीय पदयात्रा पटेल चौक से सुबह 9 बजे राष्ट्रगान के साथ प्रारंभ हुई।

सांसद विजय बघेल ने सिर पर खुमरी धारण कर रैली का नेतृत्व किया और सेल्फी जोन में नागरिकों के साथ संवाद किया। मार्गभर नागरिकों ने पुष्पवर्षा कर पदयात्रियों का स्वागत किया। यात्रा में विद्यालयों के छात्र-छात्राओं, जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों के सदस्यों ने 8 से 10 किलोमीटर तक नारे लगाते हुए भाग लिया।

रैली के दौरान विभिन्न स्थानों पर महापुरुषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण किया गया। समापन महाराजा चौक में हुआ, जहां सभी प्रतिभागियों ने राष्ट्रीय एकता और अखंडता की शपथ ली।

सांसद विजय बघेल ने इस अवसर पर कहा —

“सरदार वल्लभभाई पटेल ने 562 रियासतों का विलय कर अखंड भारत की नींव रखी थी। आज हम उनके दिखाए मार्ग पर आत्मनिर्भर भारत के निर्माण का संकल्प दोहरा रहे हैं।”

कार्यक्रम में विधायक ललित चंद्राकर, जिला अध्यक्ष सुरेश कौशिक, महापौर अलका वाघमर, सरस्वती बंजारे, नीलम चंद्राकर, प्रदेश मंत्री जितेन्द्र वर्मा, दिव्या कलिहारी, प्रीतपाल बेलचांदन सहित अनेक जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

पदयात्रा के दौरान सभी प्रतिभागी सरदार पटेल 150 यूनिटी थीम पर आधारित टोपी और टी-शर्ट पहने हुए थे। उनके हाथों में तिरंगे और तख्तियाँ थीं, जिन पर लिखा था —
“लौह पुरुष सरदार पटेल — एकता के प्रतीक, राष्ट्र के रक्षक।”

कार्यक्रम का समापन सरदार पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण और राष्ट्रीय एकता के संकल्प के साथ किया गया।

Share.

Javed Khan
Editor

Address:
18C, Street 5, Sector 4, Bhilai Nagar,
Dist. Durg, Chhattisgarh – 490001

Mobile: +91-8319473093
Email: samvidhaantimes@gmail.com

September 2026
M T W T F S S
 123456
78910111213
14151617181920
21222324252627
282930  

© 2025 Samvidaan Times. Designed by Nimble Technology.

Exit mobile version