नेवई भाठा क्षेत्र में जुए के अड्डे पर छापेमारी के दौरान पुलिस की कार्रवाई से भड़का युवक; कॉन्स्टेबल भूमिंद्र वर्मा की बाइक को लगाई थी आग, आरोपी गिरफ्तार
दुर्ग पुलिस ने उस आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जिसने जुआ के अड्डे पर छापेमारी के दौरान पुलिसकर्मी की बाइक में आग लगा दी थी। आरोपी पुलिस की कार्रवाई से नाराज था और बदला लेने के इरादे से इस घटना को अंजाम दिया।
दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में पुलिस की तत्परता से एक सनसनीखेज मामला सुलझाया गया है। जुए के अड्डे पर छापेमारी के दौरान कॉन्स्टेबल की बाइक में आग लगाने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान दुलेश्वर ठाकुर उर्फ गोल्टू (35 वर्ष) निवासी नेवई भाठा के रूप में हुई है।
एएसपी सुखनंदन राठौर ने बताया कि 19 अक्टूबर की रात करीब 12 बजे नेवई पुलिस को सूचना मिली कि नेवई भाठा नर्सरी के अंदर कुछ लोग जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और नर्सरी में दबिश दी। पुलिसकर्मियों ने अपनी-अपनी बाइकें सड़क किनारे खड़ी कर जुआरियों को पकड़ा।
कार्रवाई के बाद जब पुलिस टीम बाहर लौटी तो देखा कि सड़क किनारे खड़ी एक पल्सर बाइक में आग लगी हुई है। जांच में पता चला कि यह बाइक कॉन्स्टेबल भूमिंद्र वर्मा की थी। किसी अज्ञात व्यक्ति ने जानबूझकर नुकसान पहुंचाने के इरादे से बाइक में आग लगाई थी।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ धारा 324(4) और 326(च) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस को पता चला कि इस वारदात के पीछे दुलेश्वर ठाकुर उर्फ गोल्टू का हाथ है। आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जहां उसने अपना जुर्म स्वीकार किया। उसने बताया कि जुआ रेड के दौरान पुलिस की कार्रवाई से वह नाराज था और इसी गुस्से में उसने बाइक को आग लगा दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
