मौसम विभाग ने कहा— परिस्थितियां अनुकूल, बस्तर में हल्की फुहारों की संभावना; अक्टूबर में अब तक सामान्य से 109% ज्यादा बरसा पानी
छत्तीसगढ़ में मानसून अब विदाई की आखिरी चरण में है। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले 24 घंटे के भीतर प्रदेश से मानसून की पूरी तरह वापसी हो जाएगी। आज से राज्य के अधिकांश इलाकों में बारिश थम जाएगी और मौसम शुष्क होने लगेगा। हालांकि, बस्तर संभाग के कुछ हिस्सों में हल्की फुहारें पड़ सकती हैं।
रायपुर/बीजापुर। छत्तीसगढ़ में मानसून की विदाई तय मानी जा रही है। मौसम विभाग के अनुसार, राज्य के उत्तरी और मध्य हिस्सों से मानसून पहले ही लौट चुका है, जबकि दक्षिण छत्तीसगढ़ में भी अब बादल छंटने लगे हैं। अगले 24 घंटे में पूरे प्रदेश से मानसून की वापसी पूरी हो जाएगी।
बीजापुर में शुक्रवार सुबह हल्के बादलों के बीच धूप खिली रही। पिछले 24 घंटे में कहीं-कहीं मामूली बारिश दर्ज की गई, जिसमें सबसे अधिक 50 मिमी वर्षा बीजापुर के कुटरू में हुई। बाकी जिलों में केवल बूंदाबांदी या सूखा मौसम रहा।
मौसम विभाग ने आज किसी भी जिले के लिए अलर्ट जारी नहीं किया है। विभाग का कहना है कि अगले कुछ दिनों तक राज्य के ज्यादातर हिस्सों में मौसम साफ और शुष्क रहेगा।
तापमान में मामूली उतार-चढ़ाव:
राज्य में गुरुवार को सर्वाधिक अधिकतम तापमान 33.5 डिग्री सेल्सियस राजनांदगांव में दर्ज हुआ, जबकि न्यूनतम तापमान 18.5 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में रहा। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, आने वाले दिनों में दिन का तापमान धीरे-धीरे बढ़ेगा और रातें ठंडी होने लगेंगी।
अक्टूबर में रिकॉर्ड बारिश:
इस बार अक्टूबर महीने में अब तक सामान्य से 109% अधिक वर्षा दर्ज की गई है। सामान्यतः 8 अक्टूबर तक औसतन 28.3 मिमी बारिश होती है, लेकिन इस बार 59.1 मिमी से ज्यादा वर्षा हो चुकी है।
10 से 12 दिन देरी से लौटा मानसून:
मौसम विभाग के अनुसार, आमतौर पर 5 अक्टूबर तक छत्तीसगढ़ से मानसून की वापसी शुरू हो जाती है, लेकिन इस बार इसमें करीब 10 से 12 दिन की देरी हुई। देश के अन्य हिस्सों से भी मानसून की वापसी प्रक्रिया जारी है।
30 सितंबर तक होने वाली बारिश को मानसूनी बारिश माना जाता है, जबकि उसके बाद की वर्षा को ‘पोस्ट मानसून’ श्रेणी में रखा जाता है।
