वैश्विक बाजार में उतार-चढ़ाव और सीमित सप्लाई से कीमतों में उछाल — सराफा व्यापारियों बोले, दिवाली सीजन में मांग ज्यादा पर माल कम
दिवाली की रौनक के बीच सराफा बाजार में चांदी और सोने की कीमतों ने आम ग्राहकों की जेब पर भारी बोझ डाल दिया है।
रायपुर में चांदी पहली बार ₹1.64 लाख प्रति किलो के ऐतिहासिक स्तर पर पहुंच गई है, जबकि सोना ₹1.21 लाख प्रति 10 ग्राम पर टिका हुआ है। सराफा व्यापारियों के मुताबिक, डिमांड बढ़ी है लेकिन सप्लाई घट गई, जिससे बाजार में तेज़ी और कालाबाजारी दोनों बढ़ गई हैं।
रायपुर। राजधानी रायपुर समेत प्रदेशभर के सराफा बाजारों में कीमतों की आग लगी हुई है। अमेरिका की नई टैरिफ नीति और वैश्विक आर्थिक अस्थिरता का सीधा असर भारतीय बाजारों पर दिखाई दे रहा है। त्योहारों और शादी के सीजन के चलते खरीदारी का दबाव तो है, लेकिन सीमित सप्लाई ने कीमतों को और बढ़ा दिया है।
“अगले हफ्ते तक राहत की उम्मीद”
पूर्व सराफा एसोसिएशन अध्यक्ष हरख मालू ने बताया कि अमेरिका में टैरिफ बढ़ने के बाद निवेशकों ने बड़ी मात्रा में सोना-चांदी में निवेश शुरू कर दिया है। भारत में त्योहारों की मांग और सीमित आपूर्ति ने इस रुझान को और मजबूत किया है। उन्होंने कहा, “अगले हफ्ते तक अंतरराष्ट्रीय बाजार में स्थिरता आने पर कुछ राहत मिल सकती है।”
ETF में भारी निवेश से बढ़ा असर
एक्सिस म्यूचुअल फंड की हालिया रिपोर्ट के अनुसार, 2025 की पहली छमाही में चांदी के ETF में रिकॉर्ड निवेश हुआ है। इसी वजह से भारत में चांदी अब भारी प्रीमियम पर बिक रही है। रायपुर के थोक और खुदरा बाजार दोनों में इसका असर साफ दिख रहा है। कई दुकानदारों ने एमसीएक्स दर से ऊपर कीमत वसूलना शुरू कर दिया है।
कालाबाजारी पर प्रशासन की नजर
चांदी की कालाबाजारी की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन ने निगरानी बढ़ा दी है। स्थानीय व्यापार संगठनों से सहयोग लेकर बाजार में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की कवायद शुरू की गई है। अधिकारियों ने ग्राहकों को चेताया है कि वे मूल्य सूची देखकर और बिल लेकर ही खरीदारी करें।
त्योहारों की चमक फीकी, उम्मीद दिवाली बाद की
रायपुर के सराफा बाजारों में इस बार रौनक तो है, लेकिन कीमतों की तेज़ रफ्तार ने आम खरीदारों को दूरी बना लेने पर मजबूर कर दिया है। व्यापारियों का मानना है कि दिवाली के बाद स्थिति कुछ सामान्य हो सकती है। फिलहाल ग्राहकों को खरीदारी में सावधानी और समझदारी बरतने की सलाह दी गई है।
