दुर्ग के चंदखुरी में हादसे के बाद उग्र हुए लोग, चालक फरार; मृतका के परिजनों को मुआवजा और आरोपी की गिरफ्तारी की मांग
शनिवार शाम चंदखुरी गांव में हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। राइस मिल में काम करने वाली एक महिला मजदूर को धान से भरे तेज रफ्तार ट्रक ने कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने स्टेट हाईवे जाम कर प्रदर्शन किया और ट्रक चालक की गिरफ्तारी व मुआवजे की मांग पर अड़े रहे।
दुर्ग। चंदखुरी गांव में शनिवार शाम करीब 6 बजे हादसा उस वक्त हुआ जब मृतका राइस मिल परिसर से बाहर कचरा फेंकने निकली थी। उसी दौरान धान से लदा तेज रफ्तार ट्रक पीछे से आया और महिला को टक्कर मार दी। महिला ट्रक के पिछले पहिए के नीचे आने से मौके पर ही दम तोड़ दिया। सीएसपी सत्य प्रकाश तिवारी ने बताया कि मृतका राइस मिल में ही कार्यरत थी। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन वहीं छोड़कर मौके से फरार हो गया।
हादसे के बाद भड़का गुस्सा
घटना की खबर फैलते ही ग्रामीण बड़ी संख्या में जुट गए।
उन्होंने महिला का शव सड़क पर रखकर स्टेट हाईवे जाम कर दिया।
प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि राइस मिल के बाहर भारी वाहनों की लगातार आवाजाही के कारण आए दिन हादसे का खतरा बना रहता है, लेकिन प्रशासन इस ओर ध्यान नहीं देता।
ग्रामीणों की मांग – मुआवजा और गिरफ्तारी
आक्रोशित लोगों ने मृतका के परिजनों को उचित मुआवजा देने और ट्रक चालक की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।
स्थिति को काबू में करने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया। अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों को समझाइश दी, जिसके बाद जाम हटाया गया। पुलिस ने महिला के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है और आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी है।
अधिकारियों ने कहा कि दुर्घटनाओं को रोकने के लिए राइस मिल के बाहर ट्रैफिक व्यवस्था सख्त की जाएगी और दोषी को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
