दुर्ग। अंडा थाना क्षेत्र के शीतल तालाब शांति चौक के पास मंगलवार की रात करीब 9 बजे यह घटना घटी। पुलिस के अनुसार मृतक ओंकारेश्वर सिन्हा, ग्राम अंडा, गुरुवार बाजार के पास का निवासी था।
ओंकारेश्वर से ₹2000 की उधारी को लेकर आरोपी अजीत धीवर, उसके छोटे भाई नमेश धीवर और भांजा चेतन धीवर के बीच विवाद हुआ। गाली-गलौज के बाद तीनों ने मिलकर ओंकारेश्वर पर हाथ-मुक्कों और डंडे से हमला कर दिया।
सूचना मिलने पर मृतक का छोटा भाई नागेश्वर सिन्हा और माँ लक्ष्मी सिन्हा मौके पर पहुँचे तो उन्होंने देखा कि तीनों आरोपी ओंकारेश्वर को पीट रहे हैं और उसे जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। बीच-बचाव करने पर आरोपियों ने नागेश्वर और उनकी माँ पर भी हमला कर दिया। इस हमले में तीनों को गंभीर चोटें आईं।
घायल ओंकारेश्वर को घर लाया गया, लेकिन कुछ ही देर बाद उसकी तबीयत बिगड़ने लगी। परिजन तुरंत उसे उपचार के लिए शासकीय अस्पताल दुर्ग लेकर पहुँचे, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
छोटे भाई नागेश्वर सिन्हा की शिकायत पर अंडा पुलिस ने तीनों आरोपियों अजीत धीवर, नमेश धीवर और चेतन धीवर के खिलाफ अपराध क्रमांक 0112/25 दर्ज किया है।
पुलिस ने मामला धारा 3(5)-BNS, 103-BNS, 351(3)-BNS, 115(2)-BNS, 296-BNS के तहत दर्ज कर विवेचना प्रारंभ कर दी है।
