Wednesday, June 3

मुख्यमंत्री ने कहा – संगठित समाज ही राष्ट्र की शक्ति, राज्य में शिक्षा क्षेत्र में हो रहे लगातार सुधार

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि शिक्षा केवल नौकरी का माध्यम नहीं, बल्कि जीवन को दिशा देने वाली शक्ति है। सामाजिक विकास का मूलमंत्र शिक्षा ही है। राजधानी रायपुर स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में आयोजित छत्तीसगढ़ प्रदेश मानिकपुरी पनिका समाज के शपथ ग्रहण एवं दीपावली मिलन समारोह में उन्होंने यह बात कही। मुख्यमंत्री ने समाज को संगठित रहने का संदेश देते हुए कहा कि संगठित समाज ही मजबूत राष्ट्र की नींव रखता है।

रायपुर।  मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कहा कि शिक्षा के बिना जीवन अधूरा है। यह केवल रोजगार प्राप्त करने का साधन नहीं, बल्कि सफल और सशक्त जीवन का मार्ग है। उन्होंने कहा कि चाहे व्यापार हो, कृषि या जीवन जीने की कला — हर क्षेत्र में सफलता की कुंजी शिक्षा है।

श्री साय राजधानी रायपुर के पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में आयोजित छत्तीसगढ़ प्रदेश मानिकपुरी पनिका समाज के शपथ ग्रहण एवं दीपावली मिलन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने नव-निर्वाचित पदाधिकारियों को शपथ दिलाई और उन्हें शुभकामनाएँ दीं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर सुधार कर रही है। राज्य गठन के समय जहाँ केवल एक मेडिकल कॉलेज था, वहीं आज प्रदेश में लगभग 15 मेडिकल कॉलेज संचालित हो रहे हैं। इसके साथ ही आईआईटी, आईआईएम, ट्रिपल-आईटी, लॉ यूनिवर्सिटी, एम्स और सिपेट जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों की स्थापना से राज्य के युवाओं को बेहतर शिक्षा और अवसर मिल रहे हैं।

मुख्यमंत्री साय ने समाज की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक भूमिका का उल्लेख करते हुए कहा कि मानिकपुरी पनिका समाज का कला और साहित्य के क्षेत्र में अद्वितीय योगदान रहा है। उन्होंने कहा कि विश्व प्रसिद्ध बस्तर दशहरा की काछनदेवी रस्म में देवी माँ जिस कन्या पर अवतरित होती हैं, वह पनिका समाज की होती है, जो पूरे समाज के लिए गौरव की बात है।

उन्होंने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मूलमंत्र — सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास — हमारी सरकार के कार्यों का आधार है। प्रदेश में कृषक उन्नति योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, महतारी वंदन योजना तथा शिक्षक युक्तियुक्तकरण जैसी योजनाओं से समाज के सभी वर्गों को लाभ मिल रहा है।

इस अवसर पर छत्तीसगढ़ माटी कला बोर्ड के अध्यक्ष श्री शम्भु नाथ चक्रवर्ती ने भी नव-निर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई दी। कार्यक्रम में समाज के अध्यक्ष श्री भरत दास मानिकपुरी सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Share.

Javed Khan
Editor

Address:
18C, Street 5, Sector 4, Bhilai Nagar,
Dist. Durg, Chhattisgarh – 490001

Mobile: +91-8319473093
Email: samvidhaantimes@gmail.com

June 2026
M T W T F S S
1234567
891011121314
15161718192021
22232425262728
2930  

© 2025 Samvidaan Times. Designed by Nimble Technology.

Exit mobile version