Wednesday, September 2

तीन थानों की संयुक्त कार्रवाई में हथियारबंद आरोपी पकड़े गए; अशांति फैलाने वालों पर बीएनएसएस की धारा 170 के तहत हुई कार्रवाई

जिले में बढ़ती चाकूबाजी की घटनाओं पर नकेल कसने के लिए पुलिस ने गुरुवार को सघन अभियान चलाया। सुपेला, वैशाली नगर और अण्डा थाना क्षेत्र में दबिश देकर पुलिस ने छह हथियारबंद आरोपियों को गिरफ्तार किया, जबकि 32 असामाजिक तत्वों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई। पुलिस का कहना है कि शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे अभियानों को और तेज किया जाएगा।

दुर्ग।   जिले में अपराधियों और चाकूबाजों के खिलाफ पुलिस ने मोर्चा खोल दिया है। गुरुवार (23 अक्टूबर) को जिले के तीन थानों — सुपेला, वैशाली नगर और अण्डा — की पुलिस ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया और धारदार हथियार जब्त किए। वहीं, 20 प्रकरणों में 32 असामाजिक तत्वों पर बीएनएसएस की धारा 170 के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई।

पुलिस को जानकारी मिली थी कि कुछ युवक धारदार चाकू और चापड़ लेकर इलाके में लोगों को डराने-धमकाने का काम कर रहे हैं। इसी सूचना पर सुपेला थाना क्षेत्र के कोसानगर मराठी मोहल्ला, आरके मैदान स्लाटर हाउस और राजीव नगर में दबिश दी गई। यहां से आरोपी रियाज खान उर्फ छोटू, भोला गायकवाड़ और रोशन यादव को पुलिस ने हथियारों सहित गिरफ्तार किया। इनके खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25-27 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

इसी तरह वैशाली नगर थाना क्षेत्र में निगरानी बदमाश किशन यादव और शेख आरिफ को चाकू लेकर लोगों को धमकाने के आरोप में पकड़ा गया। वहीं अण्डा थाना क्षेत्र के ग्राम निकुम से आरोपी डोमेन्द्र कुमार शेण्डे को चाकू के साथ गिरफ्तार किया गया।

इसके अलावा जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में अशांति फैलाने की आशंका में 32 असामाजिक तत्वों को गिरफ्तार किया गया। इनमें उतई से 9, पद्मनाभपुर से 5, अंजोरा और नंदिनी नगर से 4-4, मोहन नगर और खुर्सीपार से 2-2, जबकि नगपुरा, भिलाई नगर, नेवई, स्मृतिनगर, रानीतराई और अण्डा से 1-1 व्यक्ति शामिल है।

पुलिस प्रवक्ता पद्मश्री तंवर ने बताया कि जिले में लगातार हो रही चाकूबाजी और हिंसक वारदातों पर पुलिस की कड़ी नजर है। असामाजिक तत्वों और हथियार लेकर घूमने वालों पर कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Share.

Javed Khan
Editor

Address:
18C, Street 5, Sector 4, Bhilai Nagar,
Dist. Durg, Chhattisgarh – 490001

Mobile: +91-8319473093
Email: samvidhaantimes@gmail.com

September 2026
M T W T F S S
 123456
78910111213
14151617181920
21222324252627
282930  

© 2025 Samvidaan Times. Designed by Nimble Technology.

Exit mobile version