Sunday, June 21

दुर्ग में ठगड़ा बांध रेलवे क्रॉसिंग के पास हुआ हादसा, मौके पर मिला टिफिन-चार्जर और चप्पल; परिजनों पर टूटा दुखों का पहाड़

दुर्ग जिले में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में मजदूर युवक की ट्रेन से कटकर मौत हो गई। बताया जा रहा है कि वह ट्रैक पार करते समय मोबाइल पर गाना सुन रहा था। कानों में इयरफोन लगे होने के कारण उसे ट्रेन के आने की आवाज नहीं सुनाई दी और देखते ही देखते वह तेज रफ्तार ट्रेन की चपेट में आ गया।

दुर्ग। घटना गुरुवार सुबह करीब 7:45 बजे की है। ठगड़ा बांध रेलवे क्रॉसिंग के पास M-869 खंभा नंबर के समीप यह हादसा हुआ। मृतक की पहचान विष्णु यादव (22 वर्ष) निवासी जोगी नगर, विद्युत नगर दुर्ग के रूप में हुई है। वह रोजाना की तरह सुबह काम पर जाने के लिए निकला था।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विष्णु रेलवे ट्रैक पार करते समय मोबाइल में गाना सुन रहा था। इसी दौरान अंतागढ़ से रायपुर की ओर जा रही एक ट्रेन वहां से गुजरी और वह उसकी चपेट में आ गया। ट्रेन की रफ्तार इतनी तेज थी कि टक्कर के बाद युवक करीब 50 मीटर तक घसीटता चला गया।

हादसे के बाद ट्रैक पर उसका टिफिन, मोबाइल चार्जर केबल और चप्पलें बिखरी पड़ी मिलीं। आसपास के लोगों ने घटना की सूचना पुलिस और रेलवे अधिकारियों को दी।

पुलिस की कार्रवाई:

सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल दुर्ग भेजा गया। पुलिस ने बताया कि मृतक मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था।

परिवार में मचा कोहराम:

विष्णु यादव अपने माता-पिता के तीन बेटों में सबसे छोटा था। परिवार मजदूरी कर जीवन यापन करता है। घटना की खबर मिलते ही घर में कोहराम मच गया। परिजन सदमे में हैं और लगातार रो-रोकर बदहवास हो रहे हैं।

Share.

Javed Khan
Editor

Address:
18C, Street 5, Sector 4, Bhilai Nagar,
Dist. Durg, Chhattisgarh – 490001

Mobile: +91-8319473093
Email: samvidhaantimes@gmail.com

June 2026
M T W T F S S
1234567
891011121314
15161718192021
22232425262728
2930  

© 2025 Samvidaan Times. Designed by Nimble Technology.

Exit mobile version